सांख्ययोग और पतंजलि योगसूत्र सार
स्थाई दुःख मुक्ति संभव है, तत्त्व ज्ञान से..
तत्त्व ज्ञान प्राप्ति संभव है,पतंजलियोगसूत्र अभ्यास से..
पतंजलियोगसूत्र अभ्यास से मिलता है वैराग्य…
वैराग्य से मिलता है,तत्त्व ज्ञान..
तत्त्व जान से बोध होता है –---
मैं कौन हूं ? और मेरे होने का कारण क्या है ?
और यही है तत्त्व ज्ञान जो….
कैवल्य का द्वार दिखाता है
अब आगे
सैद्धांतिक तत्त्व ज्ञान मिलता है,सांख्य दर्शन से और इस ज्ञान की स्वानुभूति होती है , पतंजलि अष्टांगयोग - अभ्यास से।
अष्टांगयोग अभ्यास से चित्त वैराग्यमुखी रहने लगता है। निरंतर अभ्यास करते रहने से वैराग्य की दृढ़ भूमि मिलती है। वैराग्य की दृढ़ भूमिमें संप्रज्ञात (सविकल्प) समाधि घटित होती है जो अष्टांगयोग के आखिरी तीन अंगों ( धारणा , ध्यान , संप्रज्ञात समाधि) में अंतिम अंग है।धारणा , ध्यान और संप्रज्ञात समाधि को अष्टांगयोग के आंतरिक अंग कहलाते हैं। प्रारंभिक 05 अंगों ( यम , नियम,आसान,प्राणायाम, प्रत्याहार )को बाह्य अंग कहते हैं।
जब धारणा , ध्यान और संप्रज्ञात समाधि एक साथ एक ही बार घटित होने लगे तब इसे संयम कहते हैं। संयममुखी चित्त का होना ही अष्टांगयोग की सिद्धि है।
संयम से नाना प्रकार की सिद्धियां मिलती है। सिद्धियों से असामान्य शक्ति मिल जाती है और इससे प्राप्त ऐश्वर्य के मद में डूबना एक सामान्य बात होती है। संसार ऐश्वर्यों से आकर्षित होता है , कैवल्य से नहीं। कैवल्य प्राप्ति ही योग साधना का उद्देश्य है।
सिद्धियां कैवल्य मार्ग की रुकावटें होती हैं।
पतंजलियोग सिद्धि प्राप्त योगी सामाजित सम्मान और धन अर्जित करने हेतु अपने सिद्धियों का प्रदर्शन करने लगता है। ऐसा करते रहने से योग साधना खंडित हों जाती है। जो योगी सिद्धियों से अप्रभावित रहते हुए निरंतर साधना में लीन रहते हैं, उन्हें आगे चल कर असंप्रज्ञात समाधि मिलती है जिसे निर्विकल्प समाधि कहते हैं।
निर्विकल्प समाधि की दृढ़ भूमि मिलते पर चित्त में विवेक की धारा बहती रहती है । चित्त पूर्व संस्कारों से मुक्त हो जाता है लेकिन असंप्रज्ञात समाधि साधना से निर्मित संस्कार बने रहते हैं जो भी कैवल्य प्राप्ति की रुकावट होते हैं।
निरंतर बिना किसी रुकावट योग अभ्यास में लीन रहने वाल योगी अंततः धर्ममेघ समाधि में पहुंचता है जहां चित्त वर्तमान संस्कारों से भी मुक्त होता है।धर्ममेघ समाधि, कैवल्य का द्वार है। कैवल्य में…
पुरुषार्थ शून्य होता हैं …
तीन गुणों का प्रतिप्रसव हो जाता है , जिसे वेदांत दर्शन मायामुक्त होना कहते हैं
चित्त स्वरूपाकार , चित्त केंद्रित पुरुष अपने मूल स्वरूप में स्थित होता है , और
यही मोक्ष है
।। ॐ।।
No comments:
Post a Comment